ज़िल्लर वार्ता राष्ट्रीय,कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। नारायणी नदी के बढ़े जलस्तर और तटबंध टूटने के बाद आसपास के कई गांवों में पानी घुस गया है।
ततवा टोला के पास नारायणी नदी का तटबंध टूटने से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं।
हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने राहत शिविरों का भी जायजा लिया और बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। प्रभावित लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों तक तत्काल सहायता पहुंचाने और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।
सरकार के मुताबिक, प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं। अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।