ज़िल्लर वार्ता राष्ट्रीय : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर देश के अलग-अलग हिस्सों में उन्हें अनोखे अंदाज में शुभकामनाएं दी गईं। कहीं पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया, तो कहीं प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 76 तरह के हेल्दी फूड तैयार कर खास अंदाज में बधाई दी गई।
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में अन्नपूर्णा योजना की लाभार्थी ममता महतो और लेनिन महतो ने पौधारोपण कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन का तोहफा दिया। प्रधानमंत्री के ‘मां के नाम एक पेड़’ संदेश से प्रेरणा लेते हुए दोनों ने पौधों की देखभाल करने का संकल्प लिया। साथ ही गांव में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर लोगों के बीच जागरूकता फैलाने की बात कही।
वहीं, तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में हेड शेफ सेल्वाकुमार ने प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर 76 तरह के हेल्दी फूड तैयार किए। इन व्यंजनों में विभिन्न फलों और सब्जियों, अंकुरित दालों तथा जड़ वाली सब्जियों से तैयार किए गए कई प्रकार के सलाद शामिल रहे।
इस आयोजन की सबसे खास तस्वीर तरबूज पर की गई नक्काशी रही। शेफ सेल्वाकुमार ने तरबूज पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की युवावस्था और वर्तमान रूप के साथ उनकी मां का चित्र भी उकेरा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दी गईं।
पुरुलिया में पौधारोपण से लेकर तिरुनेलवेली में 76 तरह के हेल्दी फूड और तरबूज पर की गई कलाकारी तक, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर शुभकामना देने के अलग-अलग और रचनात्मक अंदाज देखने को मिले। इन आयोजनों के जरिए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली जैसे संदेश भी सामने आए।