ज़िल्लर वार्ता राष्ट्रीय : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान और अन्य जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी के साथ प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बीजेपी ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बेंगलुरु में अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के पहले दिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है, जिसमें रक्तदान शिविर, चिकित्सा शिविर और स्वच्छता अभियान जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘भारत रत्न’ देने की मांग को लेकर भी चर्चा तेज हुई है। बेंगलुरु में जेपी नड्डा से जब इस संबंध में सवाल पूछा गया कि क्या ‘सेवा संकल्प अभियान’ के समापन पर प्रधानमंत्री मोदी को भारत रत्न देने का प्रस्ताव रखा जा सकता है, तो उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे मामलों पर उचित समय पर फैसला करती है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री मोदी को भारत रत्न देने के मुद्दे पर बीजेपी के भीतर अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है।
जेपी नड्डा ने राहुल गांधी द्वारा आंकड़ों को लेकर केंद्र सरकार पर लगाए गए आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राहुल गांधी के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ लोग अर्थशास्त्र का ‘ई’ तक नहीं जानते। नड्डा ने सरकार के कामकाज और विभिन्न योजनाओं से जुड़े आंकड़ों को लेकर विपक्ष के दावों पर अपनी बात रखी।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान रक्तदान, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और अन्य जनसेवा गतिविधियों पर जोर दिया जा रहा है। बीजेपी के मुताबिक, यह अभियान प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के अवसर पर सेवा और जनकल्याण को केंद्र में रखकर आयोजित किया जा रहा है।