ज़िल्लर वार्ता राष्ट्रीय,नई दिल्ली: दिल्ली के तिलक नगर इलाके में रविवार को सड़क निरीक्षण के दौरान दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सामने आए एक वीडियो में प्रवेश वर्मा एक युवक का मोबाइल नीचे करते और उसके बाद कथित तौर पर उसे थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं।
रिपोर्टों के मुताबिक, प्रवेश वर्मा निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान तिलक नगर के आम आदमी पार्टी विधायक जरनैल सिंह भी मौके पर पहुंचे और सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। घटनास्थल पर सड़क की ऊपरी परत को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हुई।
बताया गया है कि एक स्थानीय युवक मोबाइल फोन से पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड कर रहा था। इसी दौरान कथित तौर पर प्रवेश वर्मा ने उसका मोबाइल नीचे किया और फिर युवक को थप्पड़ मारा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
घटना को लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रवेश वर्मा के खिलाफ कार्रवाई और एफआईआर की मांग की है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए जाने के बाद युवक के साथ मारपीट की गई। वहीं, अरविंद केजरीवाल ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रवेश वर्मा की गिरफ्तारी की मांग की है।
वहीं, थप्पड़ लगाए जाने का आरोप लगाने वाले युवक ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह स्थानीय विधायक के सोशल मीडिया का काम संभालता है और सड़क की स्थिति देखने के लिए मौके पर मौजूद था। उसने दावा किया कि सड़क की खराब हालत दिखाने के बाद उसके साथ यह घटना हुई।