ज़िल्लर वार्ता राष्ट्रीय : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले ‘80-20’ को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि राज्यसभा चुनाव ने आगामी विधानसभा चुनाव के संकेत दे दिए हैं और लड़ाई फिर से ‘80 बनाम 20’ की हो गई है। योगी ने दावा किया कि 80 फीसदी NDA के साथ है, जबकि 20 फीसदी PDA का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री के इस बयान पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए पलटवार किया। अखिलेश यादव ने योगी के भाषण का करीब पांच सेकंड का वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के बयान से PDA के प्रति सरकार के रुख का संकेत मिलता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कथित धमकी से PDA को डराया नहीं जा सकता।
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने अंदाज में यह स्वीकार किया है कि उनके शासन में PDA के खिलाफ उत्पीड़न रुकने वाला नहीं है। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों का हवाला देते हुए योगी के बयान पर भी सवाल उठाए। साथ ही तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री को हर समय ‘PDA’ ही दिखाई देता है, तो उन्हें 108 मनकों पर PDA लिखकर उसकी माला बनाने और जाप करने की सलाह दी।
दोनों नेताओं के बयानों के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में ‘80-20’ बनाम ‘PDA’ की बहस फिर केंद्र में आ गई है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक बयानबाजी आने वाले दिनों में और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।