ज़िल्लर वार्ता राष्ट्रीय,कोलकाता: पश्चिम बंगाल के न्यू टाउन में गुरुवार को प्रस्तावित ‘अडानी आरोग्य मंदिर’ की आधारशिला रखी गई। इस कार्यक्रम में अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मौजूद रहे। दोनों ने मिलकर परियोजना के लिए भूमि पूजन किया और बाद में चिकित्सा संस्थान की पट्टिका का अनावरण किया।
न्यू टाउन के एक्शन एरिया-2 में बनने वाले इस संस्थान में 2,000 बेड का अस्पताल, मेडिकल शिक्षा और रिसर्च से जुड़ी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। परियोजना के लिए करीब 4,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की घोषणा की गई है। अडानी समूह के अनुसार, इनमें से 1,000 बेड आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों के लिए उपलब्ध कराने की योजना है।
कार्यक्रम में गौतम अडानी के साथ उनकी पत्नी प्रीति अडानी और बेटे करण अडानी भी मौजूद रहे। इससे पहले गौतम अडानी ने पत्नी के साथ कोलकाता के कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल में निवेश और औद्योगिक परियोजनाओं को लेकर भी चर्चा हुई। अडानी समूह की ओर से 2035 तक पश्चिम बंगाल में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक निवेश की योजना की बात कही गई है। समूह के अनुसार, प्रस्तावित स्वास्थ्य परियोजना समेत विभिन्न क्षेत्रों में निवेश से रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।
‘अडानी आरोग्य मंदिर’ की आधारशिला को राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी एक बड़ी प्रस्तावित परियोजना के रूप में देखा जा रहा है। परियोजना के पूरा होने के बाद अस्पताल के साथ मेडिकल शिक्षा और शोध की सुविधाएं भी विकसित होने की योजना है।