ज़िल्लर वार्ता राष्ट्रीय , नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान निशु आज़ाद के पिता संजय कुमार के साथ कथित मारपीट का मामला एक बार फिर गरमा गया है। शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास और सह-संयोजक आशुतोष रांका अपने समर्थकों के साथ नई दिल्ली स्थित पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे। उन्होंने निशु आज़ाद और उनके पिता संजय के लिए न्याय की मांग करते हुए पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की।
CJP नेताओं का आरोप है कि जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान संजय कुमार के साथ मारपीट की गई थी। पार्टी का कहना है कि मामले में शिकायत और प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने संजय की चोट को लेकर सोशल मीडिया पर किए गए कुछ दावों को भ्रामक बताया है और कहा है कि मामले में कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
इस दौरान आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आज़ाद भी CJP नेताओं के समर्थन में पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचे। थाने के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे और कार्रवाई की मांग की गई।
CJP नेताओं ने कथित हमले के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामला अब दिल्ली में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गया है।