ज़िल्लर वार्ता राष्ट्रीय , जयपुर: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष शुक्रवार को जयपुर पहुंचे। वह भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों में शामिल होने वाले हैं। उनका दौरा आगामी निकाय चुनावों की तैयारियों और पार्टी की चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य और अन्य प्रमुख नेता शामिल होंगे। संतोष पार्टी की चुनावी तैयारियों, बूथ स्तर के प्रबंधन और संगठनात्मक समन्वय की समीक्षा करेंगे।
टिकट वितरण के बाद कई स्थानों पर सामने आए असंतोष और बगावत को देखते हुए बैठक में डैमेज कंट्रोल पर भी चर्चा होने की संभावना है। पार्टी नेतृत्व उन क्षेत्रों की पहचान कर रहा है, जहां बागी उम्मीदवारों या अंदरूनी मतभेदों से भाजपा के आधिकारिक प्रत्याशियों को नुकसान पहुंच सकता है।
बी.एल. संतोष चुनावी वॉर रूम, प्रचार अभियान और बूथ नेटवर्क की तैयारियों का भी जायजा लेंगे। राजस्थान में होने वाले निकाय चुनावों को भाजपा संगठन के लिए आगामी चुनावी रणनीति की दृष्टि से महत्वपूर्ण परीक्षा माना जा रहा है।