ज़िल्लर वार्ता राष्ट्रीय,उतार प्रदेश : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रज क्षेत्र को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मथुरा में भी अयोध्या और काशी की तर्ज पर भव्य परिसर होना चाहिए। योगी ने कहा कि मथुरा, वृंदावन, बरसाना, नंदगांव और गोवर्धन का विकास ब्रजवासियों की आस्था और भावनाओं के अनुरूप किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के इस बयान को मथुरा-वृंदावन के भविष्य के विकास को लेकर अहम संकेत माना जा रहा है। जन्माष्टमी पर योगी सरकार ने ब्रज क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की बात कही। मथुरा-वृंदावन में सड़क, पर्यटन, प्रकाश व्यवस्था, सुंदरीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया।
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में सनातन आस्था, भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण का उल्लेख करते हुए कहा कि आस्था और विरासत को सम्मान देने के साथ विकास को गति दी जाएगी। उन्होंने अयोध्या में हुए बदलाव का उदाहरण देते हुए मथुरा में भी इसी तरह भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक विकास की जरूरत पर जोर दिया।
जन्माष्टमी के मौके पर मुख्यमंत्री का मथुरा-वृंदावन दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण रहा, क्योंकि अयोध्या और काशी के बाद ब्रज क्षेत्र को बड़े धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार का फोकस साफ दिखाई दे रहा है।