ज़िला समाचार, दिल्ली : दिल्ली-NCR में एक 16 वर्षीय छात्रा के साथ चलती स्लीपर बस में कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले में बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना ने वर्ष 2012 के निर्भया कांड की भयावह यादें एक बार फिर ताजा कर दी हैं।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता उत्तर प्रदेश की रहने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा है। 4 अगस्त की रात वह रास्ता भटकने के बाद मदद की उम्मीद में एक स्लीपर बस में सवार हुई थी। आरोप है कि बस के चलने के बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। करीब 47 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद छात्रा को कश्मीरी गेट इलाके के पास उतार दिया गया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बस के ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बस को भी कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। मामले में आगे की जांच जारी है।
इस घटना ने राजधानी में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा तथा सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्ष 2012 में दिल्ली की चलती बस में हुए निर्भया कांड के बाद देशभर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर व्यापक आंदोलन हुआ था। ऐसे में इस ताजा घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता बढ़ा दी है।