ज़िल्लर वार्ता राष्ट्रीय ,नई दिल्ली: विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को दिल्ली के ऐतिहासिक सफदरजंग मकबरे में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। पर्यटन मंत्रालय की ओर से आयोजित इस अभियान का नेतृत्व पर्यटन सचिव भुवनेश कुमार ने किया। अभियान में मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी संस्थानों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भी हिस्सा लिया।
यह अभियान ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत चलाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा का हिस्सा है, जो 16 से 30 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई के साथ लोगों में इनके संरक्षण और बेहतर रखरखाव के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस मौके पर भुवनेश कुमार ने कहा कि पर्यटन स्थलों की स्वच्छता केवल सफाई अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य पर्यटकों के लिए बेहतर अनुभव सुनिश्चित करना और देश के पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाए रखना भी है। उन्होंने कहा कि इससे घरेलू पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा और विदेशी पर्यटकों के बीच भारत की सकारात्मक छवि मजबूत होगी।
हर वर्ष 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2026 की थीम “Digital Agenda and Artificial Intelligence to Redesign Tourism” है, जिसमें पर्यटन क्षेत्र के भविष्य को आकार देने में डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका पर जोर दिया गया है।
पर्यटन मंत्रालय के अनुसार, 2023-24 में पर्यटन क्षेत्र ने भारत के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में 5.22 प्रतिशत का योगदान दिया और 8.46 करोड़ रोजगारों को समर्थन दिया। 2025 में घरेलू पर्यटक यात्राओं की संख्या 428.55 करोड़ और विदेशी पर्यटक यात्राओं की संख्या 2.53 करोड़ दर्ज की गई।